धनबाद सांसद पीएन सिंह और मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल के बीच विवाद सार्वजनिक होने के बाद कोयलांचल का राजनीतिक माहौल गरमा गया है. इस लड़ाई में अब धनबाद नगर निगम के पार्षद भी कूद पड़े हैं. धनबाद नगर निगम के विकास योजनाओं में लेटलतीफी , फंड आवंटन में पार्षदों के साथ भेदभाव ,बैठक की समय पर जानकारी नहीं देने और प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ निगम के 35 पार्षदों ने आगामी 20 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठने की घोषणा कर दी है. इस मामले में धनबाद के सांसद पीएन सिंह और विधायक राज सिन्हा से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा गया है. साथ ही विभिन्न 8 सूत्री मांगो से अवगत करा कर मदद की गुहार लगाई है.
इधर सांसद पीएन सिंह ने कहा कि नगर निगम स्वतंत्र निकाय है. उसमें उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है. लेकिन उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन के ज़िम्मेवार लोगों को देखना होगा कि किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हो. वे जल्द ही निगम के कार्यों की समीक्षा करेंगे और एटीआर रिपोर्ट लेंगे.
वहीं वार्ड नंबर 37 के पार्षद शैलेंद्र सिंह ने कहा कि पार्षदों को खुश करने के लिए ही मेयर ने आनन फानन में तीन दिन पहले निगम कि कुछ उपसमितियां बनाई है जो विकास कार्यों को देखेगी. उन्होंने जानना चाहा कि पिछले तीन वर्षों से ये उपसमितियां क्यों नहीं बनाई गई. वार्ड नंबर 38 के पार्षद जयकुमार और वार्ड नंबर 43 पार्षद आएशा खातून ने भी मेयर पर फंड वितरण में सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours