झारखंड के धनबाद में पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर साइबर क्राइमकरने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया. इनमें से एक संजय कुमार रांची जिला पुलिस बल का बर्खास्त जवान है, जो इस गैंग का मास्टरमाइंड है. पुलिस ने इनके पास से विभिन्न बैंकों के 33 एटीएम कार्ड और आधार कार्ड बरामद किया है. गिरोह का दो अन्य सदस्य भागने में कामयाब हो गया.

सिटी एसपी पीयूष पाण्डेय ने कहा कि दोनों अपराधी रंजीत कुमार और संजय कुमार पुलिस के हत्थे तब चढ़ गये, जब अन्य दो साथियों के साथ धनबाद के रंगाटांड़ में एक शख्स का एटीएम कार्ड छीनकर भागने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच पुलिस की गश्ती टीम ने दोनों को दबोच लिया, जबकि भीड़ का फायदा उठाकर इमरान आलम और विवेक कुमार मौके से फरार हो गया.

सिटी एसपी के अनुसार ये लोग या तो एटीएम कार्ड की चोरी करते हैं या फिर ग्राहकों को सहयोग देने के नाम पर उनका कार्ड बदल लेते हैं. इनके पास से बरामद एटीएम कार्ड में से कोई भी इनके नाम का नहीं था. पुलिस बाकी के दो सदस्यों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours