झारखंड के हजारीबाग में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां भी दिल्‍ली के बुराड़ी कांड जैसे ही एक परिवार के छह सदस्यों ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली. यह घटना यहां खजांची तालाब स्थित सीडीएम अपार्टमेंट की है. पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां घर के मुखिया समेत दो पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे मृत पाए गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.

पुलिस ने घटना स्‍थल से दो सुसाइड नोट बरामद किए हैं. इनमें जिन कारणाें का उल्‍लेख किया गया है, वे हैं- बीमारी, दुकान बंद, दुकानदारों का बकाया न देना और कर्ज. इस सुसाइड नोट पर यह भी जिक्र है अमन को लटका नहीं सकते थे, इसलिए उसकी हत्या की गई. वहीं पड़ोसियों ने बताया कि परिवार का मुखिया नरेश महेश्वरी बीते काफी दिनों से परेशान थे.

इस बाबत डीएसपी चंदन वत्‍स ने बताया कि प्रथम दृष्‍टया देखने पर ये आत्‍महत्‍या का मामला लग रहा है. घटनास्‍थल से तीन सुसाइड नोट भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है. इसके बाद ही जांच की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा. वहीं मरने वालों में दो महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्‍चे शामिल हैं.

बता दें कि दिल्ली के बुरा़ड़ी में बीते दिनों एक परिवार के 11 लोगों की सामूहिक खुदकुशी का मामला सामने आया था. बुराड़ी के भाटिया परिवार के 11 सदस्यों में सबसे बुजुर्ग नारायण देवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उसकी मौत भी परिवार के 10 अन्‍य सदस्यों की तरह ही फांसी पर लटकने से हुई है. इससे पहले 10 लोगों की पोस्‍टमार्टम में गड़बड़ी की आशंका को खारिज करते हुए दिल्‍ली पुलिस का कहना था कि सभी 10 लोगों की मौत फांसी लगने से हुई है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours