नीरज सिंह हत्याकांड में जेल में बंद झरिया के बीजेपी विधायक संजीव सिंह सहित 11 अभियुक्त सोमवार को धनबाद कोर्ट में पेश हुए. विधायक द्वारा कोर्ट को सेहत ठीक नहीं होने की जानकारी दी गई. कोर्ट ने जेल प्रशासन को आदेश दिया कि 30 अगस्त तक विधायक का इलाज कराकर कोर्ट को सूचित किया जाए.
पेशी के बाद विधायक संजीव सिंह ने कहा कि जब हमारे खिलाफ कोर्ट का वारंट जारी हुआ था, तो हमने कोर्ट का सम्मान करते हुए आत्मसमर्पण किया. लेकिन जो लोग कोर्ट के सम्मान की बात करते थे, रंजय सिंह मर्डर केस में भागे-भागे फिर रहे हैं. उन्हें अब न्यायपालिका पर विश्वास नहीं है. बीजेपी विधायक ने कहा कि रंजय सिंह हत्याकांड की साजिश रघुकुल में रची गयी थी. रघुकुल पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह का घर है.
बता दें कि 21 मार्च 2017 को धनबाद के सरायढेला थानाक्षेत्र में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह, उनके पीएस अशोक यादव, चालक घल्टू महतो और बॉडीगार्ड मुन्ना तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. नीरज सिंह अपने साथियों के साथ घर जा रहे थे. रास्ते में घात लगाकर उनपर हमला किया गया था.
इससे पहले झरिया विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या सरायढेला थाना क्षेत्र के बिग बाजार के पास 29 जनवरी 2017 को कर दी गई थी. कहा जाता है कि इस हत्या के प्रतिशोध में 21 मार्च 2017 को नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या कर दी गई थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours