झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि रघुवर सरकार के खजाने में तीन सौ करोड़ रुपये भी नहीं हैं. जबकि सिर्फ कर्मचारियों को वेतन देने के लिए हर महीने आठ से नौ सौ करोड़ रुपये की जरूरत होती है.
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि बजट में प्रावधान करने से क्या फायदा, जब योजनाओं को लागू करने के लिए पैसे ही ना हों. वन नेशन, वन इलेक्शन पर पूर्व सीएम ने कहा कि इस पर हमारा पूरा विरोध है. बीजेपी इसके पीछे अपनी हित साधने की कोशिश कर रही है. अपने तरीके से देश को चलाने की कवायद हो रही है.
किसानों को इजरायल भेजने पर सवाल उठाते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि इस यात्रा में जितना खर्च होने वाला है, उतनी रकम की भी उपज हो जाए, तो मैं मानूं. कोलेबिरा उपचुनाव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने की रणनीति पर मंथन चल रहा है.
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता रहे मोहम्मद कुदुस अंसारी सहित विभिन्न दलों के दर्जनों नेताओं-कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराया. उधर किसानों को इजरायल भेजने के मुद्दे पर विपक्ष के वार पर पलटवार करते हुए प्रदेश बीजेपी के महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने किसानों का अपमान किया है. लिहाजा उन्हें किसानों से माफी मांगनी चाहिए.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours