गिरिडीह में गुरुवार को अपराधियों का बोलबाला रहा. अपराधी शहर के भिन्न तीन जगहों पर लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में सफल रहे. दो हथियारबंद अपराधियों ने निमियाघाट थाना क्षेत्र के असुरबांध स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारी से 37 हजार रुपये लूट लिए. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. इन तस्वीरों के आधार पर पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ में जुट गई है. फिर बेंगाबाद के SBI शाखा के सामने से दंपति से 25 हजार की छिनतई हो गई. वहीं नवाडीहा ओपी के सियाटांड में एक बाइक की डिक्की तो़ड़कर डेढ़ लाख रुपये की चोरी कर ली गई.

वहीं अपराधियों का तीन स्थानों पर लूट का प्रयास असफल भी रहा. अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा SBI ATM के पास से कैश वैन में लूट की कोशिश की. व्यस्ततम इलाका होने के कारण अपराधी पिस्टल लहराते भाग निकले. फिर शहर से सटे सोनबाद स्थित बाबा और कामधेनु पेट्रोल पंप में लूट की कोशिश की गई. लेकिन संयोग ही था कि दोनों पेट्रोल पंप से कुछ देर पहले ही कैश को शहर भेज दिया गया था.

एक ही दिन में तीन जगह लूट की इन घटनाओं से स्पष्ट है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि शहर में पुलिस पूरी तरह से निष्क्रिय है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours