चतरा जिले में अपराधी दिन-प्रतिदिन बेलगाम होते जा रहे हैं. अपराधी सरेआम घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं. रविवार सुबह सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय से चंद दूरी पर स्थित सिमरिया रेफरल अस्पताल में अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने तांडव मचाया. हथियार से लैस आधा दर्जन अपराधियों ने अस्पताल परिसर में स्थित चिकित्सक आवास व अस्पताल परिसर में जमकर पत्थरबाजी व गाली गलौज की.
इस दौरान अपराधियों के करतूतों से सहमे चिकित्सक व अन्य मेडिकल कर्मी अस्पताल के एक कमरे में छिपे रहे. अपराधियों के जाने के बाद बाहर निकले अस्पताल कर्मियों ने घटना की जानकारी सिमरिया थाना पुलिस को दी. घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी शंभू शरण दास दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों से ली.
इधर, घटना से डरे सहमें चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर हड़ताल की घोषणा कर दी है. घटना के बाद चिकित्सा प्रभारी की अध्यक्षता में हुई मैराथन बैठक में इमरजेंसी और नाइट ड्यूटी का सामूहिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया. चिकित्सकों का आरोप है कि एक तरफ अपराधियों का भय तो दूसरी तरफ मौके पर पहुंची पुलिस का दुर्व्यवहार ऐसे में काम करना मुश्किल है. चिकित्सकों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी अधिष्ठापन के अलावा एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की.
इधर, पुलिस का कहना है कि घटना का जो समय चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा बताया जा रहा है उस दौरान उनकी पेट्रोलिंग पार्टी अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही खड़ी थी, ऐसे में हथियारबंद अपराधियों का अस्पताल में प्रवेश करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है. थाना प्रभारी ने कहा है कि मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे अटेंडेंट ने अस्पताल में चिकित्सक को अनुपस्थित पा कर गाली-गलौज किया होगा. फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours