धनबाद के झरिया में बीसीसीएल का कोयला उत्खनन कर रही निजी आउटसोर्सिंग कम्पनी बीजीआर में बंद समर्थकों ने कई राउंड फायरिंग और बमबाजी भी की. यह सब कंपनी के कर्मियों में दहशत फैलाने के लिए किया गया. दरअसल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोमवार को कंपनी में बंद बुलाया था.

गौरतलब है कि निजी कोयला कम्पनियों पर वर्चस्व कायम करने के लिए राजनीतिक संगठनों के द्वारा बंद बुलाया जाता है. इस दौरान समर्थकों द्वारा कर्मियों में दहशत कायम करने के लिये हथियार का भी उपयोग होता है. सोमवार को जेएमएम द्वारा बुलाये गये बंद के दौरान बंद समर्थकों ने जमकर गोलीबारी और बमबाजी की. इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही. इस दौरान बंद समर्थकों के द्वारा चलाये गये तीर से दो कर्मी गम्भीर रूप से घायल भी हो गये, जिन्हें इलाज के लिये पीएमसीएच में भर्ती कराया गया.

घटना के बाद से बीजीआर आउटसोर्सिंग कम्पनी में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. वहीं गोलाबारी-बमबाजी को लेकर कंपनी कर्मियों में दहशत का माहौल है. घटना स्थल पर पहुंचे सिंदरी अंचल के डीएसपी ने बताया कि बंद की सूचना पहले से थी. बंद समर्थकों से कड़ाई से निपटा गया. फिलहाल स्थिति समान्य है. तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है. उनके पास से एक देसी कार्बाइन और जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours