आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना रविवार से पूरे देश में लागू हो जाएगी. इस योजना के दायरे में देश के 445 जिले होंगे. देशभर के 10.74 करोड़ गरीब परिवारों के करीब 50 करोड़ लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
सालाना 5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलेगा
लाभुक परिवार पैनल में शामिल सरकारी या निजी अस्पताल में प्रति साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा पाएंगे. इसके लिए देश के दस हजार सरकारी और निजी अस्पतालों में गरीबों के लिए 2.65 लाख बेड की सुविधा उपलब्ध होगी. नेशनल हेल्थ एजेंसी ने 14 हजार आरोग्य मित्रों को अस्पतालों में तैनात किया है. ये आरोग्य मित्र मरीजों की पहचान कराने और इलाज में मदद करेंगे.
झारखंड के 57 लाख लाल-पीला कार्डधारी परिवारों को फायदा
झारखंड के 57 लाख वैसे परिवार इस योजना के दायरे में होंगे, जो खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं और इनके पास राशन कार्ड मौजूद हैं. राशन कार्ड के साथ आधार नंबर भी जरूरी होगा. लेकिन यदि किसी वजह से राशन कार्ड नहीं हो तो वोटर आईडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मान्य होंगे. लाभुक परिवारों को इस योजना के लिए कोई प्रीमियम नहीं देना होगा. उन्हें इलाज कैशलेस मिलेगा. इलाज के साथ-साथ दवा और रहने-खाने की भी सुविधा अस्पताल में मुफ्त में मिलेगी.
1350 तरह की बीमारियों का इलाज
योजना के तहत 1350 तरह की बीमारियों का इलाज लाभुक करा पाएंगे. इसके लिए वे किसी भी सरकारी या निजी सूचीबद्ध अस्पतालों में जा पाएंगे. झारखंड में 210 हॉस्पिटलों को सूचिबद्ध किया गया है. जबकि 338 अन्य हॉस्पिटलों को जोड़ने की कवायद जारी है. इसके अलावा लाभुक दूसरे राज्यों के सूचीबद्ध अस्पतालों में भी इलाज करा पाएंगे. योजना से जुड़ी किसी प्रकार की शिकायत टॉल फ्री नंबर 14555 पर दर्ज करायी जा सकती है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours