झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी रांची से केंद्र के महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत-राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन का शुभारंभ करेंगे. इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी 23 सितंबर को आयुष्मान भारत की लॉन्चिंग के अलावा चाईबासा मेडिकल कॉलेज का भी शिलान्यास करेंगे. इसके लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया है, जिसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी की है.
मामले में जानकारी देते हुए चाईबासा डीसी अरवा राजकमल ने कहा कि इस दौरान टाटा कॉलेज मैदान में करीब 5 हजार लोगों के बैठने के लिए इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसके लिए कई बड़े-बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं. आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना का पीएम द्वारा रांची में लॉन्च किया जाएगा. इसके साथ ही चाईबासा में भी योजना प्रारंभ हो जाएगा.
कई लाभुकों के बीच योजना का लाभ आज से ही देना शुरू हो जाएगा. इसके लिए उपायुक्त ने बीते शनिवार को ही सदर अस्पताल में आयुष्मान भारत के लिए अलग से एक काउंटर की शुरूआत कर दी है. इसमें कोई भी व्यक्ति अपना राशन कार्ड और आधार कार्ड लेकर रजिस्ट्रेशन करा सकेगा. जिले में करीब साढे तीन लाख परिवार को आरंभ में इस योजना का लाभ मिलेगा. इसके लिए सदर अस्पताल, 15 सीएचसी और 8 निजी अस्पतालों का चयन किया गया है. आयुष्मान भारत की लॉन्चिंग के साथ ही प्रधानमंत्री कोल्हान के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए चाईबासा के उलीझारी गांव के 25 एकड़ जमीन पर मेडिकल कॉलेज का भी शिलांयास करेंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours