स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सीएम रघुवर दास सोमवार को खूंटी पहुंचे. यहां उन्होंने दतिया गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्या सुनीं. इसके साथ ही सीएम ने लोगों को श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश भी दिया. झारखंड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में जुटे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपना संकल्प दोहराते हुए राज्य की जनता को जनसहयोग से अपने-अपने गांव को स्वच्छ रखने का आह्वान किया.
खूंटी के दतिया गांव में 'स्वच्छता ही सेवा' कार्यक्रम के तहत श्रमदान करने पहुंचे सीएम ने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं भी सुनी. इस मौके पर जलसहिया की मांग पर सीएम ने आंगनवाड़ी सेविका सहायिका की तरह उनकी पहचान और साड़ी देने की घोषणा करते हुए कहा कि खूंटी को 27 सितंबर को ओडीएफ घोषित किया जाएगा.
'आयुष्मान भारत' योजना के तहत लाभुकों के बीच गोल्डन कार्ड वितरित करते हुए सीएम ने कहा कि दूसरे चरण में अप्रैल 2019 तक शेष बचे 11 लाख परिवार को कम प्रीमियम पर स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ा जाएगा. वहीं खूंटी जिले में नवंबर तक हर घर में बिजली पहुंचाने की घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि अब गांव से अंधेरा दूर होगा.
इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और स्थानीय सांसद कड़िया मुंडा ने भी लोगों से स्वच्छ भारत अभियान में आगे आने की अपील की. मुख्यमंत्री ने खुद झाड़ू लगा कर गांव व मोहल्लों को साफ और सुंदर बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours