झारखंड के सरायकेला जिला के गम्हरिया थाना अंतर्गत बिराजपुर रेलवे स्टेशन के पास महिला के पति को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला सामने आया है. घटना 15 सितंबर की है. जब करीब बदमाशों ने महिला व उसके पति को रास्ते में रोका. बदमाशों ने महिला के पति को बंधक बना लिया और फिर महिला को झाड़ी के पीछे ले जाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया.
बदमाशों ने महिला को धमकाते हुए कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो वे लोग वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे. महिला वहां से किसी तरह अपने मायके पहुंची और अपनी आपबीती बताई.
घटना की जानकारी होने के बाद गांव की मुखिया के साथ 2 दर्जन से भी ज्यादा ग्रामीण रविवार देर शाम गम्हरिया थाना पहुंचे. महिला ने पुलिस को बताया कि 6 से सात की संख्या में युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया और असफल होने पर उसकी अश्लील वीडियो बना ली. बदमाशों ने सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
गम्हरिया थाना प्रभारी जेपी राणा ने कहा कि पति को बंधकर बना महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसका अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने इस मामले में उज्जवल महतो नामक एक युवक की पहचान कर देर रात उसे गिरफ्तार भी किया है. पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours