सरकार सूबे में किसी तरह का कार्य नहीं कर रही है. लेकिन प्रचार प्रसार के माध्यम से झूठा ढिंढोरा पीट रही है. इसी पोल को खोलने के लिए झारखंड विकास मोर्चा ने 'पोल खोल, हल्ला बोल' कार्यक्रम विभिन्न जिलों में चला रखा है. इसी कार्यक्रम के तहत रविवार को बोकारो जिला के चंदनक्यारी प्रखंड के चंद्रा उच्च विद्यालय में सभा के माध्यम से सरकार का पोल खोलने का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें झाविमो के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी शामिल हुए.
मंच पर उपस्थित केन्द्रीय स्तर व जिला स्तर के नेताओं ने जमकर झारखंड सरकार को कोसा और कहा कि सरकार राज्य में कुछ काम नहीं कर रही है. यह सरकार हवा हवाई सरकार है और इससे न गरीबों को और न ही आदिवासियों को फायदा हो रहा है.
वहीं पार्टी के प्रमुख बाबूलाल मंराडी ने कहा कि सरकार विकास के नाम पर लोगों को मूर्ख बनाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि मुझे डराने का काम किया जा रहा है और इसके लिए कई जिलों के थानों में मेरे खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे इससे डरने वाले नहीं हैं.
उन्होंने कहा कि पार्टी तोड़कर गए पांच विधायकों के मामले में भी पार्टी को न्याय नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने इसके लिए भाजपा के ही विधानसभा अध्यक्ष को दोषी ठहराया. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो सभी भ्रष्ट लोगों को होटवार जेल जाना पड़ेगा.
'पोल खोल, हल्ला बोल' कार्यक्रम का आयोजन शिबू टांड में भी किया गया. यहां भी जमकर सरकार के खिलाफ नेताओं ने अपनी भड़ास निकाली.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours