केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी 23 सितम्बर का दिन देशवासियों के लिए वरदान साबित होगा. उन्होंने कहा कि देशभर के 55 करो़ड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा से जोड़ा जायेगा और इसकी शुरूआत झारखंड की राजधानी रांची से हो रही है, यह सूबे के लिए गर्व की बात है.
केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों को जायजा लेने रांची पहुंचे थे. उन्होंने राजधानी के प्रभात तारा मैदान में तैयारियों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास भी थे.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 सितम्बर को रांची आने वाले हैं. पीएम यहां से आयुष्मान भारत योजना की पूरे देश में शुरुआत करेंगे. साथ ही कोडरमा, चाईबासा के मेडिकल कॉलेज और टाटा ट्रस्ट द्वारा रिनपास में खोले जाने वाले कैंसर अस्पताल का भी शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री यहां बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा परिसर को धरोहर के तौर पर विकसित करने की योजना का भी शिलान्यास करेंगे.
झारखंड सरकार ने हाल ही में रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की. इसके तहत सूबे के 59 लाख गरीब परिवारों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours