टीपीसी उग्रवादी संगठन के गिरफ्तार हार्डकोर नक्सली कोहराम गंझू को पुलिस ने रिमांड पर लिया है. हजारीबाग के कटकमदाग पुलिस ने इस नक्सली से पूछताछ करने के लिए उसे 2 दिनों के रिमांड पर लिया है. टीपीसी उग्रवादी संगठन में कोहराम गंझू की पहचान द्वितीय श्रेणी के सुप्रीमो के रूप में है.
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम पुलिस उसे जेपी कारागार से लेकर आई है और सोमवार उसे पुनः वहीं वापस पहुंचा दिया जाएगा. बता दें कि कोहराम गंझू पर चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, पलामू में दर्जन भर अपहरण, हत्या और लेवी वसूलने जैसे मामले दर्ज हैं.
अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी हजारीबाग ने टीपीसी के कमांडर कोहराम गंजू को पुलिस को दो दिन की रिमांड पर दिया था. कोहराम गंझू को हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित विष्णु पुरी गली नंबर 3 से 12 सितंबर को उस वक्त गिरफ्तार किया गया था जब वह अपनी पत्नी के साथ तीज का त्योहार मनाने आया था, तब पुलिस ने उसके पास से 20 लाख नकद, 2 लैपटॉप, 4 मोबाइल, 3 ई फ़ोन भी बरामद किया था.
नक्सली से पूछताछ के मामलों को पुलिस पूरी तरह से गुप्त रख रही है. लेकिन संभावना जताई जा रही है कि रिमांड के दौरान पुलिस हजारीबाग में हुई हत्याओं और अपहरण के मामले में उससे पूछताछ कर रही है. कोहराम गंझू पर जिले के कटकमसांडी, उरीमारी, बड़कागांव, बरही, चौपारण सहित अन्य थानों में हत्या, लेवी वसूलने, अपहरण के मामले दर्ज हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours