रांची: राजधानी रांची के इरगु टोली में दो गुटों में विवाद के बाद जमकर झड़प हुई. इस दौरान दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी और नारेबाजी हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले को शांत कराई. पत्थरबाजी में कोतवाली थाना प्रभारी को चोटें आयीं. पुलिस ने इस सिलसिले में सात लोगों को हिरासत में लिया है.
एडीएम लॉ एंड आर्डर अखिलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है. वहीं चोट पर कोतवाली थाना प्रभारी ने कहा कि ये फर्ज का हिस्सा है, जिससे समाज में अमन और चैन कायम रहता है.
तनाव की स्थिति को देखते हुए इरगु टोली में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है. पुलिस के जवानों ने मोहल्ले में मार्च भी किया.
हालांकि पुलिसिया कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए नगर विकास मंत्री सीपी सिंह कोतवाली थाने में ही धरना पर बैठ गए और पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश ठाकुर ने मंत्री के धरने को गलत ठहराते हुए कहा कि अगर हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं पर मंत्री धरने पर बैठते, तो ज्यादा बेहतर होता.
जानकारी के मुताबिक शरारती तत्वों के द्वारा इरगु टोली स्थित धार्मिक स्थल में गंदगी कर दी गई. इसी को लेकर बुधवार सुबह दो गुटों के लोग आमने-सामने आ गये. बात बहस से शुरू हुई और मारपीट, पत्थरबाजी तक पहुंच गई.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours