झारखंड के गोड्डा में एक तालाब (पोखर) में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई. घटना ठाकुर गंगटी प्रखंड क्षेत्र के बुधवाचक पंचायत के खंजरिचक ग्राम की है. जानकारी के अनुसार, कर्मा पर्व का ‘नहाय खाय’ के दिन गांव के बच्चे गांव में ही पोखर में नहाने गए थे. जिसमें सोनी देवी (उम्र करीब 20 वर्ष) पत्नी पवन राम, निशु कुमारी (13 वर्ष) बेटी अशोक यादव और राजकुमारी (10 वर्ष) पुत्री भिखारी तांती की मौत हो गई.

ग्रामीणों ने बताया कि सभी बच्चे पोखर में नहाने गए थे. तभी तीनों पोखर में अचानक डूबने लगीं. जिसे देख अन्य बच्चे शोर मचाने लगे. शोर सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे और पानी में घुसकर तीनों को बाहर निकाल लिया. आनन-फानन में तीनों को गंभीर हालत में हरिदेवी रेफरल अस्पताल, ठाकुर गंगटी लाया गया. जहां डॉक्टर अशोक मेहता ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

वहीं सूचना मिलते ही ठाकुर गंगटी अंचलाधिकारी पुष्पक रजक, थाना प्रभारी प्रेमचंद भगत सहायक अवर निरीक्षक विकास इंदु त्रिपाठी और तुफैल खान अस्पताल पहुंचे और सभी शव को कब्जे में ले लिया. हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.

बता दें, सोनी देवी की एक साल पहले बिहार के केरिया नंदलालपुर में शादी हुई थी. मां-बाप का देहांत हो जाने के कारण सोनी के मामा ने ही उसका भरण पोषण कर शादी कराई थी. वही निशु कुमारी के पांच बहन और एक भाई था. जबकि राजकुमारी चार भाईयों में से एक इकलौती बहन थी. तीनों की मौत से गांव में मातम पसर गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours