झारखंड में पंचायतों के खाली पड़े पदों के लिए पर उपचुनाव की घोषणा हो गई है. राज्य निर्वाचन आयोग ने 2104 पदों के लिए 19 दिसंबर को मतदान कराने का फैसला लिया है. इसके अलावा विभिन्न शहरी निकायों के रिक्त पड़े पदों पर भी उपचुनाव होंगे.
घोषणा के मुताबिक 22 से 30 नवंबर तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी. 4 दिसंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे. 19 दिसंबर को 3683 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग होगी. राज्य निर्वाचन आयुक्त एनएन पांडेय ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि आयोग ने उपचुनाव के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
दरअसल 2015 में हुए पंचायत उपचुनाव के बाद राज्यभर में 2104 पद रिक्त रह गये थे. इनमें सबसे ज्यादा 1956 वार्ड सदस्य के पद हैं. वहीं मुखिया के 57 और पंचायत समिति सदस्य के 88 रिक्तियां हैं. जिला परिषद सदस्य के भी तीन पद खाली हैं. जिलावार देखें तो सबसे ज्यादा पूर्वी सिंहभूम में 325, रांची में 180, गिरीडीह में 148 पद खाली हैं. विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों के रिक्त पड़े 6 पदों पर भी 19 दिसम्बर को उपचुनाव होंगे. इनमें मिहिजाम, सरायकेला-खरसांवा, आदित्यपुर और कपाली में रिक्त पड़े पार्षद के एक-एक और कपाली के उपाध्यक्ष पद शामिल हैं.
पंचायत के पदों के लिए मतदान वैलेट पेपर के जरिए होगा. वहीं शहरी स्थानीय निकाय के लिए ईवीएम का इस्तेमाल होगा. कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद का चुनाव दलीय आधार पर होगा. शेष सभी पदों का निर्वाचन गैरदलीय आधार पर होगा. 22 दिसंबर को कांउटिंग के साथ उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours