लगता है धनबाद में पुलिस प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है. तभी तो देश की रक्षा करने वाले आईटीबीपी के एक हवलदार को न्याय के लिए थाने का चक्कर काटना पड़ा रहा है. दरअसल दबंगों ने उनकी 9.5 डिसमिल जमीन पर कब्जा कर लिया है. साथ ही उस पर बने घर को भी ध्वस्त कर दिया. यह सब रात के अंधेरे में बीते 26 नवम्बर को किया गया.

आईटीबीपी जवान की इस जमीन के पीछे भूमाफिया प्लोटिंग कर जमीन बेच रहे हैं. इसलिए उन्हें आने-जाने के लिए रास्ता चाहिए. पहले तो जवान को 10 लाख रुपये में जमीन बेचने का दबाव डाला गया, लेकिन जब वह तैयार नहीं हुए तो भूमाफियाओं ने जोर जबरदस्ती जमीन पर कब्जा कर लिया. इस सिलसिले में शिकायत के बावजूद बरवाअड्डा पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही है.

बरवाअड्डा के छोटापीपल के रहने वाले हवलदार संतोष चौधरी 27वीं भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल में केरल में तैनात हैं. फिलहाल नक्सलियों के खिलाफ विशेष कमांडो ऑपरेशन के तहत छतीसगढ़ में सेवा दे रहे हैं. पीड़ित हवलदार संतोष चौधरी ने  रोते हुए बताया कि इस मामले में वे सिटी एसपी पीयूष पाण्डेय से भी गुहार लगा चुके हैं. एसएसपी किशोर कौशल से मिलने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो पायी. हालांकि जानकारी देने पर धनबाद के एसएसपी ने पीड़ित हवलदार से मिलकर इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours