कोलेबिरा उपचुनाव के लिए झारखंड पार्टी की प्रत्याशी मेनन एक्का ने सिमडेगा समाहरणालय में नामांकन किया. उन्होंने अपर समाहर्ता सह आरओ अरविंद कुमार को अपना नामांकन पत्र सौंपा. इस दौरान उनके साथ सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. नामांकन के बाद मेनन ने जीत का दावा किया.
नामाकंन से पहले बुधवार को मेनन एक्का रांची पहुंची और जेएमएम सुप्रीमो से मिलकर कोलेबिरा के लिए आशीर्वाद मांगा, तो शिबू सोरेन ने सर पर हाथ रखकर न सिर्फ आशीर्वाद दिया, बल्कि साफ शब्दों में कह दिया कि भाजपा जैसी सांप्रदायिक शक्तियों को परास्त करने के लिए मेनन एक्का को पूरा समर्थन रहेगा.
अब पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन विपक्ष के अन्य दलों के साथ बैठक कर महागठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा करेंगे. शिबू सोरेन से मुलाकात के बाद मेनन एक्का ने कहा कि उन्हें गुरुजी का आशीर्वाद मिल गया है और अब कोलेबिरा में उनकी जीत पक्की है.
गौरतलब है कि पारा शिक्षक हत्याकांड में पूर्व मंत्री एनोस एक्का को सजा मिलने के बाद कोलेबिरा सीट खाली हो गया था. अब इस सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है. 20 दिसम्बर को मतदान और 23 दिसम्बर को मतगणना होगी. मेनन पूर्व विधायक व मंत्री एनोस एक्का की पत्नी हैं. बीजेपी की ओर से अबतक कोई उम्मीदार सामने नहीं आया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours