बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो ने धनबाद में प्रेस वार्ता कर अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दिया. साथ ही उन्होंने पूरे मामले पर सीबीआई जांच की मांग की. ढुल्लू महतो के मुताबिक सीबीआई की जांच प्रभावित न हो, इसलिए जांच के पहले वह विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे, यदि सांसद रविंद्र पांडेय इस्तीफा देते हैं तो.

ढुल्लू की माने तो इसका षड्यंत्र पिछले 15 दिन से रचा जा रहा था और सांसद खुद इसमें कैप्टनशिप कर रहे थे. उनके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणविजय सिंह, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो, पूर्व मंत्री ओपी लाल और समाजसेवी विजय झा साजिश रचने वालों में हैं.

ढुल्लू महतो ने पूछा कि बीजेपी के सांसद होते हुए भी रविन्द्र पांडेय रात-रात भर कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के घर में किस बात की मीटिंग करते हैं. विधायक ने आरोप लगाने वाली बीजेपी नेत्री पर ब्यूटी पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाया. ढुल्लू महतो ने कहा कि बीजेपी नेत्री ब्यूटी पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाती है. और सांसद के साथ रंगरेलियां मनाती हैं. प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने बीजेपी नेत्री की सांसद रविंद्र पांडेय और रणविजय सिंह के साथ की तस्वीरें भी पेश कीं.

दुल्लू महतो ने कहा कि जब नेत्री का विवाद अयोध्या ठाकुर के साथ चल रहा था, तो उनके ऊपर आरोप कैसे मढ़ा गया. अगर आरोप सही साबित हुआ, तो फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हैं. बीजेपी विधायक ने इस सिलसिले में मानहानि का केस करने की बात कही.

बता दें बीजेपी की एक महिला नेता ने गुरुवार को धनबाद के कतरास थाने में आत्मदाह करने की कोशिश की. इस दौरान उन्होंने बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो पर छेड़खानी का आरोप लगाया. कुछ दिन पहले महिला नेता ने विधायक के करीबी अयोध्या ठाकुर पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए कतरास थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला नेता का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours