मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा में फतह के बाद कांग्रेस ने अब झारखंड में भी जीत का परचम लहराया है. पार्टी ने कोलेबिरा उपचुनाव में विजय हासिल की है. कांग्रेस प्रत्याशी विक्सल कोंगाड़ी ने बीजेपी उम्मीदवार बसंत सोरेंग को करीब 9,658 मतों से हरा दिया है. जबकि चौथे स्थान पर झारखंड पार्टी की उम्मीदवार मेनन एक्का रही हैं.
मेनन अपने पति एनोस एक्का की इस सीट को बचाने में नाकाम रहीं. जेएमएम और आरजेडी के समर्थन के बावजूद वह यहां चौथे नंबर पर रहीं. पूर्व विधायक एनोस एक्का पिछले तीन चुनावों से यहां का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. लेकिन पारा शिक्षक हत्याकांड में उम्रकैद की सजा मिलने के कारण उनकी विधायकी चली गई और कोलेबिरा में उपचुनाव हुआ. कांग्रेस के खाते में 40343 वोट आए. वहीं बीजेपी प्रत्याशी को 30685 वोट मिले.
जेएमएम से अलग राह पकड़कर कांग्रेस ने यहां विक्सल कोंगाड़ी पर दांव खेला. प्रचार में पार्टी ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया. पार्टी को ईसाई समुदाय का भी भरपूर साथ मिला. लिहाजा कांग्रेस ने यहां जीत दर्ज की. इस जीत के साथ 15 साल के बाद कांग्रेस ने कोलेबिरा में कमबैक किया है. जबकि बीजेपी को पहले से ही इस सीट से ज्यादा उम्मीद नहीं थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours