झारखंड के धनबाद में कोयले के अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से कई लोगों के दबने की आशंका है. ग्रामीणों की मानें तो हादसे में चार लोगों की मौत हुई है. दो शवों को मौके से हटा दिया गया है. हालांकि प्रशासन ने मात्र एक मौत की पुष्टि की है. मौके पर राहत कार्य चलाया जा रहा है. हादसा बुधवार सुबह निरसा स्थित ईसीएल के कपासरा आउटसोर्सिंग के पास हुआ.

जानकारी के मुताबिक कापासाड़ा आउटसोर्सिंग में करीब 100 से ज्यादा महिला-पुरुष अवैध उत्खनन में लगे हुए थे. इसी दौरान खदान में 10 फीट दायरे का चाल धंस गया. कुछ लोग खदान के दूसरे मुहाने से निकलने में सफल हो गए, जबकि आठ से दस लोग कोयले के नीचे दब गए. इसके बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया.

घटना की सूचना मिलते ही ईसीएल प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है. राहत कार्य चलाया जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक मृतकों में तीन पुरुष एवं एक महिला शामिल है. मृतक आसपास के इलाके सियारकनाली और लकड़ाकनाली के रहने वाले बताए गए. मृतकों में दो की पहचान मुगमा निवासी दिनेश महतो व कांतो के रूप में हुई है.

बता दें कि कोयले के अवैध उत्खनन के दौरान इस तरह के हादसे सामने आते रहते हैं, चूंकि उत्खनन चोरी-छिपे किया जाता है. ऐसे में कोई हादसा होने के बावजूद इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को नहीं दी जाती है बल्कि लोग मौके से भाग निकलते हैं. फंसे हुए लोगों को उनकी किस्मत के हवाले छोड़ दिया जाता है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours