गणेश कुमार झा 
पाकुड़।

हिरणपुर प्रखंड मुख्यालय हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क स्थित भारतीय स्टेट बैंक के हिरणपुर शाखा के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन सोमवार को उपायुक्त कुलदीप चौधरी, स्थानीय विधायक साईमन मरांडी व एसबीआई के रीजनल मैनेजर नवीन कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। तत्पश्चात डीसी व विधायक ने पूरे भवन का मुआयना किया व कार्यरत बैंक कर्मियों से इसकी जानकारी ली। इसके बाद शाखा प्रबंधक रामप्रीत पासवान को बैंक से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ये क्षेत्र के लिए एक उपलब्धि की तरह है। वर्तमान में आज लोग वस्तु क्रय, विक्रय करे या मनरेगा मजदूरों को मजदूरी लेना सभी काम अब बैंकों से ही होने वाला है। ऐसे में बैंकों को भी ग्राहकों से आपसी सामंजस बनाकर चलने की जरूरत है। वहीं विधायक श्री मरांडी ने कहा कि नवनिर्मित बैंक भवन का जगह काफी अच्छा है। मुख्य सड़क में होने से लोगों को लेनदेन में काफी आसानी होगी। ग्राहक के साथ-साथ बैंक भी अपने दायित्वों का सुगमता पूर्वक निर्वाह करें इसका ख्याल रखा जाए। वहीं रीजनल मैनेजर ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों की बेहतर सेवा एवं संतुष्टि के लिए प्रतिबद्ध है। इसे देखते हुए इस भवन को इस प्रकार से निर्मित किया गया है कि ग्राहकों का कार्य सरलता से किया जा सके। उन्होंने ग्राहकों व अतिथियों का अभिनंदन भी किया। मौके पर एलडीएम विकास कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य राजेन्द्र प्रसाद भगत, अलग-अलग विभाग के मुख्य प्रबंधक भैया एनएन साह, अलख निरंजन चौधरी, व्यास प्रसाद चौधरी, दिलीप कुमार पाल, साधन चंद्र दत्ता, मंतोष दत्ता, डॉ.संचय बर्धन, बादल बर्धन, नंदकुमार दे, मनीष गुप्ता, जयशंकर भगत, राजेन्द्र साहा आदि मौजूद थे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours