मिशन 2019 के मद्देनजर लगातार तीसरे दिन लोकसभा चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय ने प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक की. बुधवार को कोर कमिटी और लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.

रांची स्थित बीजेपी ऑफिस में बैठक के बाद मंगल पांडेय ने कहा कि पिछले तीन दिनों में उन्होंने राज्य की सियासी परिस्थितियों को समझा है. आगे भी उनका दौरा जारी रहेगा. लोकसभा चुनाव को करीब सौ दिन बचे हैं. इस दौरान केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक ले जाना है. उन्होंने दावा किया कि सूबे की सभी 14 लोकसभा सीटों पर बीजेपी की जीत होगी.

बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और सुदर्शन भगत, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय भी मौजूद रहे. प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज कराने की रणनीति बनाई गई है. इसके लिए पार्टी अपने सभी सात मोर्चों को एक्टिवेट करेगी. बतौर गिलुवा महागठबंधन से मुकाबला इन मोर्चों के दम पर किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि अभी भी बीजेपी का आजसू के साथ गठबंधन बरकरार है.

बता दें कि दो दिन पहले आजसू पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बता दिया कि वह अगला विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी. हालांकि लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने पत्ता नहीं खोला. सिल्ली उपचुनाव के समय से ही दोनों पार्टियों में दूरी बढ़ी हुई है. हालांकि अभी भी आजसू सरकार में साथ है. पिछले चुनाव में बीजेपी ने 14 में 12 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज कराई थी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours