झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की संताल परगना प्रमंड़ल स्तरीय बैठक दुमका के खिजुरिया स्थित पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास पर संपन्न हुई. सोमवार को बैठक में पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, विधायक सायमन मरांडी, स्टीफन मरांडी सहित कई पूर्व विधायक शामिल हुए. बैठक में 2 फरवरी को दुमका में होने वाली पार्टी के 40वें स्थापना दिवस को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई. अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने कहा कि 2019 चुनावी वर्ष है. कार्यकर्ता अभी से तैयारी शुरू कर दें. उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य की लड़ाई में ना तो गठबंधन बना था और ना ही महागठबंधन.
इस बैठक से साफ हो गया कि हेमंत सोरेन अपनी शक्ति दिखाकर गठबंधन में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी चाहेंगे, वरना उनकी पार्टी लोकसभा में अकेले ही कूद पड़ेगी. हेमंत सोरेन ने कहा कि झामुमो ने अपने बूते अलग राज्य की लड़ाई लड़ी. उन्होंने कहा कि संताल परगना झामुमो का गढ़ माना जाता है. विपक्षी पार्टियां इसमें सेंधमारी करने की फिराक में हैं लेकिन उनकी मंशा सफल नहीं होगी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा कि अलग राज्य बनने के बावजूद राज्य का अपेक्षित विकास नहीं हुआ है. इसकी मूल वजह अशिक्षा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने बच्चों को पढ़ाने की अपील की. 2 फरवरी को दुमका में पार्टी का स्थापना दिवस मनेगा, जो वर्षों से मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही संगठन इतना मजबूत हुआ है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours