झारखंड के जिला गोड्डा में कीट नाशक दवा खाने से तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है. घटना जिले के महगामा थाना क्षेत्र के समरी गांव की है. जहां एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृत्यु का कारण थाईमेट नामक कीट नाशक दवा खाना बताई जा रही है. फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार महगामा थाना क्षेत्र के समरी गांव में मोहम्मद जहांगीर नाम का युवक है जो कि ललमटिया खदान में डंपर चालक का काम करता था. घर में उसकी पत्नी अंजुम आरा और तीन बच्चे थे. जहांगीर ने बताया कि वो रोज की तरह सुबह आठ बजे घर से काम के लिए निकल गया था. शाम को जब वह घर लौटा तो उसे घटना की जानकारी मिली.

ग्रामीणों के मुताबिक जहांगीर की पत्नी ने तीनों बच्चों को जहर खिलाने का प्रयास किया था लेकिन बड़ी बेटी जो दस वर्ष की थी घर से बाहर निकल गई. वहीं बाकी दोनों बच्चे जो छह वर्षीय बेटा और आठ माह की बच्ची को वो जहर खिलाने में कामयाब हो गयी और खुद भी जहर खा लिया. पुलिस के अनुसार एक बच्चे का शव घर के अन्दर और मां और आठ माह की बेटी का शव घर से कुछ दूरी पर खेत में पाया गया है. फिलहाल पुलिस जहर खाने के कारणों का पता लगाने में जुट गई है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours