झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को जमशेदपुर दौरे पर थे, जहां उन्होंने आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में शनिवार को जलापूर्ति, प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण जलापूर्ति और 43 योजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्यभर में आवास बोर्ड के घर व फ्लैटों के आवंटियों को मालिकाना हक देने की घोषणा की है. सीएम रघुवर दास ने सरायकेला के आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में अपने चुनावी वायदे की याद दिलाते हुए कहा कि आदित्यपुर समेत पूरे राज्य में आवास बोर्ड के मकानों को फ्री होल्ड कर दिया जाएगा और ये फैसला 1 मार्च से पूरे राज्य के लिए लागू हो जाएगा.

सीएम ने लोगों को ये भी बताया कि आदित्यपुर के गरीब आदिवासियों से उद्योगों के नाम पर आयडा की ओर से जो जमीनें ली गईं थीं और उद्योग नहीं लगे उन सभी ज़मीनों को उनके रैयतों को वापस कर दिया गया है. कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक तौर पर कुछ प्रतिनिधियों को बुलाया गया, जिन्हें ज़मीनें वापस सौंप दी गईं. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आदित्यपुर फुटबॉल मैदान से कोल्हान क्षेत्र के अंतर्गत पीएम आवास योजना के तहत 2020 आवास निर्माण का शिलान्यास किया. इसके तहत सरायकेला और आदित्यपुर के शहरी क्षेत्रों में 2020 आवास बनेंगे.

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 60 आवास बनाने की भी योजना है, इन सबके साथ-साथ सीएम ने आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में चार सौ करोड़ की जलापूर्ति योजना का भी शिलान्यास किया. उसके अलावा लाभुक महिलाओं को सिलाई के प्रशिक्षण के लिए सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गईं, उसके अलावा पीएम आवास के तहत 120 लाभुकों को घरों की चाबी भी दी गई.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours