प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने दिल्ली में महागठबंधन में सीटों को लेकर किसी प्रकार के पेंच फंसे होने से साफ इनकार किया. उन्होंने कहा कि सीटों में तालमेल को लेकर खटास की बातें सिर्फ टीवी में हो रही हैं, जबकि जमीन पर ऐसी कोई बात नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि जेएमएम की तरफ कोई दबाव नहीं है. एक-आध सीटें ऊपर- नीचे हो रही हैं, तो उसका समाधान निकाल लिया जाएगा.

जमशेदपुर सीट जेएमएम के पाले में जाने के सवाल पर अजय कुमार ने कहा कि हमें अपने लिए सीट की कभी चिंता नहीं रही. गठबंधन और पार्टी बड़ी है. चुनाव नहीं लड़ूंगा, तो प्रचार करूंगा. उम्मीदवारों को लेकर उन्होंने कहा कि री-स्क्रीनिंग की कोई बात नहीं है, जितने नाम स्क्रीनिंग कमेटी में शाॅर्ट लिस्ट हुए हैं, उन्हीं पर केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा होगी और 17 मार्च को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट घोषित कर दी जाएगी.

बतौर अजय कुमार खुद की आकांक्षा से ज्यादा बीजेपी की हार की ओर ध्यान देने की जरूरत है. वामदलों से अपील करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लेफ्ट पार्टियां लोकसभा चुनाव में समर्थन दें, विधानसभा चुनावों में उन्हें सीटें दी जाएंगी. धनबाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां पर सबसे मजबूत उम्मीदवार को ही मैदान में उतारा जाएगा. खुद के धनबाद सीट से चुनाव लड़ने की बात को सिरे से खारिज कर दिया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours