बोकारो में वाहन चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए. गाड़ी बिहार नंबर का है और चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले में छानबीन कर रही है. पुलिस के मुताबिक गाड़ी से पांच हजार इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 48 सौ जिलेटिन पावर जेल बरामद किये गये हैं.

गिरफ्तार दोनों शख्स बिहार के रहने वाले हैं. उमाशंकर प्रसाद रोहतास के काराकाट का और अभिषेक राज सासाराम के गोलक्षणी का रहने वाला है. एसपी पी मुरुगण ने कहा कि सड़क मार्ग से एक महिला नक्सली के सारंडा से पारसनाथ की ओर जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी को लेकर सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम डुमरी- नावाडीह मुख्य सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी. उसी दौरान जब एक गाड़ी को रुकने के लिए कहा गया, तो ड्राइवर रोकने की बजाए तेज रफ्तार से गाड़ी भगाने लगा. लेकिन जवानों की मुस्तैदी से गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया. गाड़ी की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 25 पेटी में रखे कुल 4800 जिलेटिन पावर जेल और तीन बोरे में कुल 5000 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किये गये. दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से एक पैनकार्ड, दो आधारकार्ड और विभिन्न बैंकों के सात एटीएमकार्ड जब्त किए गए.

एसपी के मुताबिक विस्फोटकों का जखीरा डुमरी से जैनामोड़ ले जाया जा रहा था. पुलिस इस बात की छानबीन में जुटी है कि आखिर यह जखीरा किसको दिया जाना था. बतौर एसपी लोकसभा चुनाव और इलाके में नक्सलियों की गतिविधि के मद्देनजर यह पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours