रांची। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड में चार चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार, 2 अप्रैल से जहां नामांकन शुरू हो रहा है। वहीं इस बार के लोकसभा चुनाव में प्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्री भी किस्मत आजमा रहे हैं। खूंटी, कोडरमा और दुमका लोकसभा सीटों के लिए चुनाव में इस बार क्रमश: अर्जुन मुंडा (भाजपा), बाबूलाल मरांडी (जेवीएम-पी) और शिबू सोरेन (जेएमएम) चुनाव मैदान में ताल ठोकेंगे। खास बात यह है कि तीनों पूर्व मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से हैं। अर्जुन मुंडा और शिबू सोरेन जहां आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों खूंटी और दुमका से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बाबूलाल मरांडी सामान्य श्रेणी की सीट कोडरमा से चुनाव लड़ रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन बार के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा को पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष और खूंटी सीट से निवर्तमान सांसद कडि़या मुंडा के स्थान पर उतारा है। जहां उन्होंने कडि़या मुंडा से आशीर्वाद लेकर चुनावी अभियान का आगाज भी कर दिया है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैंने पार्टी के फैसले को स्वीकार किया है। मुझे विश्वास है कि लोग यह सुनिश्चित करने के लिए मतदान करेंगे कि नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours