नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (बुधवार, 24 अप्रैल) बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से बात कर रहे हैं। यह बातचीत 'गैर-राजनीतिक' बताई गई है, जिस दौरान पीएम मोदी के जीवन से जुड़े कई अनछुए पहलुओं पर बातचीत की गई। इस दौरान पीएम मोदी से सवाल किया गया कि अगर वह प्रधानमंत्री नहीं होते तो क्या होते? क्या वह संन्यासी होते या फिर सैनिक? यह भी कि क्या पीएम बनने के बारे में उन्होंने पहले से ही तय कर लिया था और ऐसी कोई इच्छा अगर उनके मन में आई भी तो वह उम्र का कौन सा पड़ाव था? पीएम मोदी ने इन सवालों के जवाब बेहद दिलचस्प अंदाज में दिए।
अक्षर कुमार ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले से तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री बनेंगे तो इस सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा कोई विचार उनके मन में पहले कभी नहीं आया। उन्होंने कहा, 'मेरी पारिवारिक पृष्ठभूमि कभी इस तरह की नहीं रही कि ऐसी कोई इच्छा मेरे मन में आए। हां, जिनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि ऐसी हो, उनके मन में ऐसी इच्छा स्वाभाविक है।'
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि कुछ इस तरह की रही कि यदि छोटी-मोटी नौकरी ही मिल जाती तो यह भी बड़ा होता। पर यात्रा चलती रही, वह आगे बढ़ते रहे और आज देश के लोगों का बेशुमार प्यार उन्हें मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद नहीं जानते कि देश की जनता उन्हें इतना प्यार क्यों देती है।
अक्षय कुमार ने उनसे यह भी पूछा कि क्या वह बचपन में सैनिक बनना चाहते थे, जैसा कि उन्होंने सुना है तो इस सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि वह बचपन से ही किताबें पढ़ते थे। इस बीच, भारत-चीन के बीच 1962 का युद्ध छिड़ गया। इस दौरान उनके गांव के पास बड़ी संख्या में फौज के लोग जुटते थे। तब उन्हें गांव वाले चाय और अन्य आवश्यक सामान मुहैया कराते थे। तभी उन्होंने सैनिकों के प्रति लोगों के मन में सम्मान देखा, जिसे देखकर उन्हें महसूस हुआ कि ये देश के लिए कितना बड़ा योगदान देते हैं। उस दौरान वह भी सैनिक बनना चाहते थे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours