जीतेंगे तो करेंगे नरेंद्र मोदी का समर्थन, नामांकन वापस लेने की खबर को बताया विरोधियों का साजिश
चतरा :- लोकतंत्र के मंदिर लोकसभा में एंट्री को लेकर निर्दलीय भी अब मोदी राग अलापने लगे हैं। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत कर निर्दलीय भाग्य आजमा रहे स्थानीय प्रत्याशी लातेहार के जिला परिषद उपाध्यक्ष सह भाजपा के कद्दावर नेता राजेंद्र साहू ने कहा है कि देश में आंतरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रधानमंत्री मोदी का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। ऐसे में चुनाव जीतकर विदेश में सशक्त और मजबूत सरकार बनाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करेंगे। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में मतदाताओं के भावनाओं के साथ पार्टी ने खिलवाड़ किया है। जिसका खामियाजा उसे चुनाव परिणाम के दिन भुगतना पड़ेगा। चतरा प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रत्याशी के बजाय पांच वर्षों तक चतरा संसदीय क्षेत्र का विनाश करने वाले सांसद को पुनः प्रत्याशी बना कर भाजपा ने आम लोगों पर थोपने का काम किया है। जिससे भाजपा ने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी चलाने का काम किया है। राजेंद्र साहू ने कहा है कि विरोधी उनकी लोकप्रियता से घबराकर नामांकन वापस लेने की झूठी अफवाह फैला रहे हैं, ताकि चुनावी रण भूमि में सीएम के साथ-साथ उनकी छवि भी धूमिल की जा सके। उन्होंने कहा कि आज भाजपा नेताओं के हठधर्मिता के कारण ही पार्टी खंड खंड विखंडित हो रही है। कहा कि मतदाताओं के भावनाओं से खिलवाड़ करना पार्टी को भारी पड़ेगा। राजेन्द्र ने कहा कि बाहरी प्रत्याशी के विरोध के बाद वे मतदाताओं के भावनाओ का कद्र कर स्थानीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में आए हैं। जनता का समर्थन भी उनके साथ है। ऐसे में वह भाजपा प्रत्याशी को पटखनी देकर जीत का परचम लहराएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद विकासशील सरकार के गठन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर चमचों-बेलचों से घिरे व अवैध उगाही में संलिप्त रहने का आरोप लगाया है। कहा कि इस बार चतरा की जनता बाहरी को बाहर का रास्ता जरूर दिखाएगी।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours