सीएम रघुवर दास ने चाईबासा में कांग्रेस, झामुमो और राजद पर जमकर निशाना साधा. सीएम ने कहा कि तीनों का गठबंधन झारखण्ड विरोधी है. शिबू सोरेन ने नरसिम्हा राव की सरकार को बचाने के एवज में कांग्रेस से दो करोड़ रुपये लिये थे, जबकि राजद ने अपनी लाश पर झारखंड बनाने की घोषणा की थी. आज यही तीनों एकजुट हो गए हैं.

वंशवाद और परिवारवाद पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि तीनों पार्टी लोकतंत्र के बजाय परिवारवाद और वंशवाद को बढ़ावा देती है. इस बार का चुनाव वंशवाद और लोकतंत्र के बीच है.

सीएम सिंहभूम सीट से प्रत्याशी व प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ के नामांकन में शामिल होने चाईबासा पहुंचे थे. उनकी मौजूदगी में गिलुवा ने पर्चा दाखिल किया. इससे पहले चाईबासा की सडकों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान पूरा शहर भगवा झंडे से पटा दिखा. हर तरफ 'मैं भी हूँ चौकीदार' वाली टोपी पहने कार्यकर्ता नजर आए.

रोड शो के बाद चाईबासा के गांधी मैदान में सभा का आयोजन हुआ. इसमें सीएम रघुवर दास, झारखंड भाजपा प्रभारी मंगल पाण्डेय, लक्ष्मण गिलुवा और झामुमो के बागी विधायक जयप्रकाश पटेल भी शामिल हुए.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours