प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब तक यह चौकीदार है, तब तक आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर कोई पंजा नहीं मार सकता. कांग्रेस ने आदिवासियों की इन चीजों पर हमला किया, यह किसी से छिपा हुआ नहीं है. जब कांग्रेस सरकार थी तो उस वक्त खान- खदान पर पहला हक उद्योगों का था. लेकिन 2014 के बाद बीजेपी सरकार ने इसमें बदलाव किया. पीएम बुधवार को झारखंड में पहली चुनावी सभा कर रहे थे. इस दौरान लोहरदगा में उन्होंने अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा. इस खबर को सभी अखबारों ने हेडलाइन बनाकर छापा है.

जमीन कारोबारी पर जानलेवा हमला

रांची के हटिया स्टेशन रोड में बाइक सवार बदमाशों ने जमीन कारोबारी संतोष कुमार सिंह के कमर में गोली मार दी. घटना बुधवार शाम की है. पुलिस ने घायल संतोष को तत्काल गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेडिका रेफर कर दिया गया. तीन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. उनकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने सिटी एसपी की अगुआई में एसआईटी का गठन किया है. घायल के मुताबिक वह हरमू की तरह आ रहा था, उसी दौरान पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मारी दी. प्रभात खबर ने इसे प्रमुखता से छापा है.

मोबाइल के साथ परीक्षा दे रहे थे पीजी के छात्र

रांची के धुर्वा स्थित जेएन कॉलेज में पीजी के तीसरे सेमेस्टर के छात्र मोबाइल के साथ परीक्षा दे रहे थे. इस दौरान उनके मोबाइल का इटंरनेट भी ऑन था. परीक्षा में कदाचार की शिकायत पर डीसी ने तत्काल एक टीम गठित कर औचक निरीक्षण का आदेश दिया. निरीक्षण के क्रम में कुछ छात्रों के पास मोबाइल पाये गये. जानकारी के मिलने के बाद रांची यूनिवर्सिटी के कुलपति रमेश कुमार पांडेय भी कॉलेज पहुंचे. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से रिपोर्ट मिलने पर इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी. हिन्दुस्तान ने इस खबर को लीड बनाकर छापा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours