एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. एटीएस ने छापा मारकर ट्रेन में से 6 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. ये सभी अवैध रूप से देश में रह रहे थे. सभी के पास से कुछ संदिग्ध सामान भी मिला है. तारों को काटने वाले सात कटर भी मिले हैं. ये लोग पहले एक बार पंजाब के रास्ते पाकिस्तान जाने की कोशिश कर चुके हैं.

वहीं एटीएस की पूछताछ में ये भी खुलासा हुआ है कि कैसे ये लोग सिर्फ 10 हज़ार रुपये खर्च करके भारत की सीमा में दाखिल हुए थे. इन्होंने ये भी बताया है कि पंजाब में भी कुछ दलाल सक्रिय हैं तो बॉर्डर पार कराने का ठेका लेते हैं.

पकड़े गए युवकों हबीबुर्रहमान, ज़ाकिर हुसैन, मोहम्मद काबिल, कमालउद्दीन, ताइजुल इस्लाम और लिटोन विश्वास ने बताया कि बांग्लादेश में मौजूद दलाल सड़क के बजाए नदी के रास्ते बॉर्डर पार कराकर भारत में भेजते हैं.

एक व्यक्ति को बार्डर पार कराने के लिए 10 हज़ार रुपये लिए जाते हैं. तीन हज़ार रुपये नाव वाले को दिए जाते हैं. नाव वाला नाव में बने तहखाने में 8 से 10 लोगों को बैठाता है. उसके ऊपर तिरपाल डालकर सामान रख दिया जाता है.

इसके बाद रात के वक्त आहिस्ता-आहिस्ता आगे बढ़ते हुए 2 से 4 बजे के बीच बार्डर पार करा दिया जाता है. इसके आगे की ज़िम्मेदारी आने वाले की होती है. वैसे होता ये है कि भारत में पहले से रह रहे लोग नए आने वालों को लेने के लिए आ जाते हैं.

आरोपियों से पूछताछ के बाद एटीएस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि पंजाब में वो कौन लोग हैं जो बार्डर पार कराने का ठेका लेते हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours