सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड के छोटा कृष्णापुर गांव में ग्रामीणों ने शुद्धिकरण के नाम पर एक परिवार के साथ जबरदस्ती की. परिवार के 9 पुरुषों के बाल और 6 महिलाओं के नाखून कटवा दिये. घटना 23 मई की है. लेकिन चार दिन बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

पीड़िता पक्ष का कहना है कि ग्रामीणों ने डायन बिसाही ने नाम पर उनका मुंडन करवा दिया. साथ ही मामले का खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. हालांकि गांववालों का कहना है कि पीड़ित परिवार में एक सदस्य की मृत्यु हो गई. लेकिन परिवार वालों ने शुद्धिकरण के लिए बाल और नाखून नहीं कटवाये. इसलिए इनके बाल और नाखून कटवा दिये गये.

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में खरीफ फसल का काम शुरू करने से पहले ग्राम देवता की पूजा करने की परंपरा है. लेकिन इनके द्वारा शुद्धिकरण नहीं करने के कारण पूजा नहीं हो पा रही थी. इसलिए परिवार के लोगों को शुद्ध किया गया. इसमें डायन- बिसाही जैसी कोई बात नहीं है.

पीड़ित पक्ष ने इस मामले में राजनगर थाने में छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आगे जांच जारी है. एसडीओ अनुप किशोर शरण की अध्यक्षता में विशेष टीम  मामले की जांच कर रही है. अनूप किशोर शरण ने कहा कि यह डायन- बिसाही से जुड़ा मामला नहीं लग रहा. गांववालों ने शुद्धिकरण के नाम पर मुंडन करवाया है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इस दिशा में कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित पक्ष को सुरक्षा मुहैया कराई गई है.


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours