राजधानी रांची में दिनदहाड़े पिस्टल दिखाकर 11 लाख रुपये लूट लिये गये. घटना को लालपुर थाना क्षेत्र में अंजाम दिया गया. पीड़ित दो लोगों से पुलिस ने पूछताछ की है. मामले की छानबीन जारी है. दोनों शख्स कारोबारियों का पैसा लेकर बाहर से रांची आ रहे थे.
जानकारी के मुताबिक घटना को दो बाइक सवार अपराधियों ने लालपुर चौक से महज कुछ ही दूरी पर अंजाम दिया. घटना के बाद दोनों पीड़ित इतने सहमे हुए थे कि मामले की शिकायत पुलिस से किये बगैर नगड़ी चले गए. मामले की सूचना जब व्यवसायियों को मिली तब उन्होंने इस बाबत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
व्यवसायी उग्रसेन सिंह ने बताया कि 20 से 25 व्यवसायियों का पैसा लेकर तीन लोग कोलकाता से भाया ट्रेन रांची आ रहे थे. लेकिन ये लोग रांची से पहले नामकुम स्टेशन पर ट्रेन से उतर गये. वहां से ऑटो लेकर रातू रोड बस पकड़ने जा रहे थे. तीनों को बस से इटकी जाना था. लेकिन रास्ते में ही लालपुर चौक से कुछ दूरी पर दो बाइक सवार इनका ऑटो रुकवाया और बंदूक तान कर दो लोगों से 11 लाख रुपये लूट लिये.
तीसरे शख्स के पास भी पैसे थे, लेकिन अपराधियों ने उससे लूट नहीं की. इसलिए मामला संदेहास्पद लग रहा है. पुलिस पूरी घटना की छानबीन करने में जुटी है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours