अब हर गरीब परिवार की बेटी को मुख्यमंत्री सुकन्या योजना एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का मिलेगा लाभ

शौकत खान धनबाद जिला ब्यूरो 
धनबाद । आम जनों को सरकार की विभिन्न लाभकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के लिए आज निरसा प्रखंड के बैजना पंचायत में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र एवम जिला जनसंपर्क कार्यालय, धनबाद द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम सह सेमिनार का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे और उन्होंने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। सर्वप्रथम राष्ट्रगान से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तत्पश्चात कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मुख्यमंत्री सुकन्या योजना एवं जलशक्ति अभियान से सम्बंधित नाटक का भव्य प्रदर्शन किया। नाटक के माध्यम से सभी को "जल है तो कल है", "जल ही जीवन है" एवम "बेटी बचाई, बेटी पढ़ाओ" का सन्देश दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र, धनबाद के जिला समन्वयक रवि प्रकाश सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र द्वारा पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम सह सेमिनार के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में बारीकी से जानकारी देना है। सरकार ने गांव तथा ग्रामीणों के विकास के लिए कई प्रकार की योजनाएं लागू की हैं। ग्रामीणों से आग्रह करते हुए कहा जल, वृक्ष पर्यावरण बचना हमारा कर्तव्य है। ऐसे आयोजन का सारे लोगों को लाभ उठाना चाहिए। अधिकतर लोग जानकारी के अभाव में विभिन्न योजनाओं से वंचित रह जाते हैं।  उन्होंने बताया कि अब कोई भी गरीब व्यक्ति पैसे के आभाव में इलाज से वंचित नही रहेगा क्योंकि सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी गरीब परिवारों के लिए सरकार द्वारा 5 लाख रुपयों तक के इलाज की व्यवस्था की गई है। इस योजना के अंतर्गत धनबाद जिले में कुल 34 अस्पताल सूचीबद्ध हैं जहां गोल्डन कार्ड के माध्यम से इलाज कराया जा सकता है। झारखंड सरकार की कैबिनेट में हुए फैसले के आलोक में उन्होंने बताया कि अब हर गरीब परिवार की बेटियों को मुख्यमंत्री सुकन्या योजना तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा। पूर्व में इन योजनाओं का लाभ सिर्फ SECC सूची में शामिल परिवार को दिया जाता था। मुख्यमंत्री सुकन्या योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म से 2 वर्ष की आयु तक, पहली कक्षा में नामांकन पर, पांचवी कक्षा में उतीर्ण होने पर, आठवी कक्षा में उतीर्ण होने पर, दशवी कक्षा में उतीर्ण होने पर तथा बारहवीं कक्षा में उतीर्ण होने पर पांच-पांच हज़ार की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा बेटी की उम्र अट्ठारह वर्ष होने पर 10000 रुपयों की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस प्रकार सरकार द्वारा बेटियों की जन्म से लेकर अट्ठारह वर्ष की आयु तक कुल 40000 की राशि सीधे उनके अथवा उनकी माता के बैंक खाते में DBT के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना, पारिवारिक संपत्ति बटवारा में छूट योजना, 1 रुपये में रजिस्ट्री योजना,  झारखंड श्रमिक पेंशन योजना, मेधा छात्रवृति योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सभी प्रकार की पेंशन से संबंधित योजनाओं के अलावा अन्य कई लोककल्याणकारी योजनाओं के विषय मे उपस्थित ग्रामीणों को विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जल शक्ति अभियान को लेकर जल संचयन एवं जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम मे पंचायत के मुखिया,  वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी सेविका, जल सहिया तथा JSLPS के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours