झारखंड में चार लोकसभा सीटों के लिए शनिवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया. लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 6 मई को रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा सीटों पर मतदान होना है. खूंटी सीट अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित सीट है, जबकि बाकी तीन सामान्य सीटें हैं. वहीं, हाईप्रोफाइल सीट हजारीबाग में बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार गोपाल साहू से है.

पांचवें चरण में वोटिंग के लिए प्रशासन ने खास तैयारियां की हैं. मतदाताओं को जागरुक करने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से मॉडल बूथ का निर्माण कराया गया है. चुनाव की तैयारियों के क्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक पोलिंग बूथ को ट्रेन के डिब्बे जैसा बनाया गया है.

दुलमी की बीडीओ जयाशंखी मुर्मू ने कहा, 'मतदाताओं में जागरूकता पैदा करने और मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए स्कूल को ट्रेन के डिब्बे का रूप दिया गया है. लोग बहुत ज्यादा उत्साहित है और इसे देखने आ रहे हैं. यहां तक कि बच्चे भी स्कूल वापस आने पर खुश होंगे.'

बताते चलें कि 6 मई को होने वाले चुनाव में झारखंड की चारों लोकसभा सीटों पर कुल 61 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 6 महिला प्रत्याशी हैं. रांची में 20, हजारीबाग में 16, कोडरमा में 14 और खूंटी में 11 उम्मीदवार मैदान में हैं. चारों सीटों पर 65 लाख 87 हजार 28 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें एक लाख 9 हजार 25 नये वोटर्स (18-19 उम्र वर्ग) हैं. सबसे ज्यादा रांची में 19 लाख 10 हजार 955 मतदाता हैं. वहीं सबसे कम 11 लाख 99 हजार 512 वोटर्स खूंटी में हैं. कोडरमा में 18 लाख 12 हजार 85 और हजारीबाग 16 लाख 64 हजार 476 मतदाता वोट डालेंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours