बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. एक तरफ लोकसभा चुनाव 2019 में उनकी पार्टी खाता खोलने में भी नाकाम रही है तो दूसरी तरफ चारा घोटाला का एक और केस जल्द ही उनकी परेशानी बढ़ा सकता है.
लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मीडिया में खबरें आ रही थी कि लालू ने खाना त्याग दिया है. लालू की अनपस्थिति में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी ने चुनाव लड़ा लेकिन एक सीट भी जीतने में कामयाब नहीं रही. 2014 में पार्टी को 4 सीटों पर जीत मिली थी.
करोड़ों रुपए के चारा घोटाला मामले की जांच सीबीआई ने की है. इसी घोटाला मामले में लालू को अलग-अलग चार केस में सजा हो चुकी है. पांचवें और अंतिम केस का लालू ट्रायल का सामना कर रहे हैं. यह मामला रांची के डोरंडा कोषागार का है. इसमें 139 करोड़ रुपए की हेराफेरी हुई थी.
इस मामले में 180 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी. जिसमें कोर्ट की कार्यवाही के दौरान ही 62 लोगों की मौत हो गई. मामले में अगले ट्रायल के लिए स्पेशल सीबीआई जज ने 27 मई का दिन तय किया था. इस दिन आरोपियों के बयान रिकॉर्ड दर्ज किए जाने थे. लेकिन 27 मई को बयान रिकॉर्ड नहीं हो पाया. इसके लिए अभी तक अगली तारीख तय नहीं हुई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours