झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के प्रधान महासचिव और विधायक प्रदीप यादव ने महासचिव पद से इस्‍तीफा दे दिया है. हालांकि उन्‍होंने इस्‍तीफे का कारण लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार को बताया है. दरअसल, जेवीएम के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने तीन दिनों के अंदर पार्टी के महासचिव पद को छोड़ने को कहा था. मरांडी ने पार्टी के एक प्रवक्ता द्वारा यादव पर लगाए गए यौन शोषण के आरोप के बाद यादव से इस्तीफा मांगा था.

मरांडी ने गोड्‌डा लोकसभा सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी और जेवीएम विधायक दल के नेता प्रदीप यादव को पत्र लिखकर कहा कि 21 अप्रैल को पार्टी प्रवक्ता ने फोन कर बताया था कि उसके साथ आपने अश्लील हरकत की है. इसी बीच मीडिया से जानकारी मिली कि उक्त महिला ने आप पर एक प्राथमिकी दर्ज करवाई है. नीति का तकाजा है कि ऐसे आरोप के जांच पूरी होने तक आपको प्रधान महासचिव का पद त्याग कर देना चाहिए.

पार्टी प्रवक्‍ता ने ही लगाया था आरोप

पिछले दिनों प्रदीप यादव के खिलाफ देवघर के महिला थाने में छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है. अपनी ही पार्टी की प्रवक्ता ने प्रदीप यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. पीड़िता के बयान पर जेवीएम नेता पर महिला थाने में आईपीसी की धारा 376, 511, 354, 379, 506, 509 के तहत मामला दर्ज हुआ है. पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने इस बात को जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के सामने रखा, लेकिन प्रदीप यादव पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. लिहाजा, उन्हें कानून की शरण में जाना पड़ा. वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए प्रदीप यादव ने कहा था कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours