गढ़वा। मंगलवार की अहले सुबह करीब ढाई बजे गढ़वा-अंबिकापुर मार्ग में सदर थाना क्षेत्र के अन्नराज घाटी में यात्रियों से भरी पोपुलर नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक घायल छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर निवासी प्रमोद गुप्ता 55 वर्ष की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। इस घटना में 45 लोग घायल हुए हैं।
इनमें दो दर्जन से अधिक घायलों की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।

बस के चालक को झपकी आ जाना इस घटना का कारण बताया जा रहा है। बस में करीब 60 लोग सवार थे तथा बस छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बिहार के सासाराम जा रही थी। घटना के बाद बस का चालक तथा खलासी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने दुख जताया है। उन्‍होंने कहा है कि गढ़वा में सड़क हादसे की खबर से मन व्यथित है। दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours