झारखंड के खरसावां जिले में चोरी के शक में भीड़ ने मुस्लिम युवक की बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पिटाई की. घायल युवक की बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. इतना ही नहीं भीड़ ने मुस्लिम युवक से बार-बार 'जय श्री राम' के नारे भी लगवाए.
मॉब लिन्चिंग की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस इसके आधार पर केस दर्ज कर जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि 24 साल के तबरेज अंसारी जमशेदपुर से अपने गांव वापस लौट रहे थे. उसी वक्त उन्हें घातकीडीह गांव में भीड़ ने चोरी के शक में घेर लिया. चोरी का आरोप लगाते हुए लोगों ने उसे पोल से बांध दिया और बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. पीड़ित युवक की कई घंटे तक पिटाई की गई. इसके बाद 18 जून को उसे पुलिस के हवाले किया गया. जिसके बाद तबरेज को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
जेल में तबरेज की हालत बिगड़ गई जिसके बाद 22 जून को उसे बेहद खराब हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मुस्लिम नाम होने की वजह से भीड़ ने की पिटाई
तबरेज के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुस्लिम नाम होने की वजह से लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की. भीड़ ने उससे 'जय श्री राम' और 'जय हनुमान' के बार-बार नारे लगवाए. उन्होंने तबरेज की हत्या करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours