झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) रविवार को विधिवत टूट गया. अभय कुमार सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लालू प्रसाद के फैसले को चुनौती देने वाले धड़े ने निवर्तमान अध्यक्ष गौतम सागर राणा के नेतृत्व में राजद लोकतांत्रिक का गठन कर लिया. तात्कालिक राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और जनार्दन पासवान के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में चले जाने के बाद लालू यादव की पार्टी को झारखंड में यह दूसरा बड़ा झटका लगा है.
लालू प्रसाद बदल गए हैं
विधानसभा सभागार में परिवर्तन सभा के नाम से बुलाई बैठक में राजद के कई वरीय नेताओं के साथ साथ सभी जिलों के नेता कार्यकर्ता शामिल हुए. राजद लोकतांत्रिक के केन्द्रीय अध्यक्ष बनने पर लालू और राजद पर कई आरोप लगाते हुए गौतम सागर राणा ने कहा कि लालू प्रसाद बदल गए हैं. पार्टी न टूटे इसलिए सभी कोशिशें की लेकिन बिहार के वरीय नेता लालू प्रसाद के सामने सच नहीं बोल पा रहे हैं. खुद की पार्टी को रियल जनता दल बताते हुए कहा कि महागठबंधन के नेताओं से वह शीघ्र मुलाकात करेंगे.
राजद के दो भस्मासुर ने पार्टी को तहस नहस कर दिया
राजद (लोकतांत्रिक) के वरिष्ठ नेता कैलाश यादव ने शीघ्र ही पूरे राज्य में दलितों, पिछड़े वर्गों के साथ साथ झारखंड की आवाम की मुखर आवाज बनने की बात कही और कहा कि राजद के दो भस्मासुर ने पार्टी को तहस नहस कर दिया. चतरा चुनाव लड़ने आए एक नेता के चलते अन्नपूर्णा देवी- गिरिनाथ सिंह जैसे चार नेताओं ने पार्टी छोड़ी तो अभय सिंह के चलते संगठन पूरी तरह ही टूट गया है.
वहीं झारखंड के राजद अध्यक्ष अभय सिंह ने टूट पर कहा कि दल से निकाले हुए लोगों ने नई पार्टी बनाई है. इससे राजद की सेहत पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है. चंद पॉकेट के लोगों के साथ गौतम सागर राणा ने नया दल बनाया है, जिसका कोई असर राजद की सेहत पर नहीं पड़ेगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours