रांची के नामकुम में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने पिस्टल के दम पर छात्रा से जबरदस्ती शादी करने की कोशिश की. गुरुवार रात को आरोपी आर्यन कच्छप ननिहाल पहुंचकर छात्रा को अगवा करना चाहा. विरोध में छात्रा ने शोर मचाया, तो आस- पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गये. भागने के क्रम में युवक ने फायरिंग कर दी. गोली छात्रा के पड़ोस के मामा को जा लगी. घायल को आनन-फानन में रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है.

घटना से सहमी हुई है छात्रा

छात्रा की चाची ने बताया कि जब परिवार के लोग घायल मामा को लेकर रिम्स के लिए निकले, तो दूसरी बार आरोपी घर पहुंचा और छात्रा को अगवा करने की कोशिश की. लेकिन वह उसे मिली नहीं. छात्रा इस घटना से सहमी हुई है. उसे आरोपी का भय सता रहा है.

पिछले कई महीने से कर रहा है तंग

छात्रा के पिता ने कहा कि पिछले कई महीनों से युवक उसे परेशान कर रहा है. शादी के लिए जबरन दबाव बना रहा है. जबकि लड़की उससे शादी नहीं करना चाहती है. आरोपी से पीछा छुड़ाने के लिए वह ननिहाल चली आई थी.

शादी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी

रातू के काठीटांड़ की रहने वाली छात्रा बीए पार्ट-1 में पढ़ती है. वह रातू के ही एक काॅलेज में पढ़ती है. मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि पिता मुंशी का काम करते हैं. मां अक्सर बीमार रहती हैं. छात्रा जब भी काॅलेज जाती थी, ताे आरोपी उसका पीछा करता था. उसके साथ शादी नहीं करने पर उसे और परिवारवालों को जान से मारने की धमकी देता था.



जल्द होगी गिरफ्तारी- पुलिस 

घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी दीपक कुमार पांडेय माैके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की. डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घायल मामा की हालत खतरे से बाहर है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours