न्यायिक हिरासत में रांची के रिम्स में इलाज करवा रहे राष्ट्रीय जनता दल (Rashtriya Janata Dal) प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) इन दिनों मालदा आम का स्वाद चख रहे हैं. रिम्स के डॉक्टर ने लालू यादव को दिन में एक मालदा आम खाने की इजाजत दे दी है. जिसके चलते लालू यादव का शुगर लेवल थोड़ा बढ़ गया है. हालांकि सारी चीजें कंट्रोल में है.
लालू यादव कभी-कभी खा लेते हैं दो आम
शनिवार को मीडिया से बात करते हुए रिम्स के डॉक्टर डीके झा ने कहा कि लालू यादव ठीक हैं. उनका थोड़ा का शुगर लेवल बढ़ा है क्योंकि वो मालदा आम खा रहे हैं. हम लोग शुगर के मरीज को आम खाने से नहीं रोकते, बस थोड़ी पाबंदी लगाते हैं. जैसे कोई शख्स दिन में पांच या छह आम आ सकता है तो हम शुगर के मरीज को एक आम खाने की सलाह देते हैं. हमलोगों ने लालू प्रसाद को भी प्रतिदिन एक मालदा आम खाने की सलाह दी है. हालांकि वो कभी कभी दो आम भी खा लेते हैं. वहीं डॉक्टर डीके झा ने रिम्स में बिजली और दूसरे विभागों से हो रहे परेशानियों का भी जिक्र किया.
लालू को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे पार्टी उपाध्यक्ष
वहीं लालू प्रसाद से मसौढी विधायक रेखा देवी, राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलीम परवेज और एमएलसी रणवीर सिंह ने मुलाकात की. मुलाकात के बाद सलीम परवेज ने कहा कि हम लोग लालू प्रसाद को जन्मदिन की बधाई देने और ईद की मुबारकबाद देने आए थे. सियासी बातचीत पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव पर उन्होंने अपने प्रमंडल की रिपोर्ट सौंप दी है. वहीं रेखा देवी ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो ने हार से उबर कर संघर्ष के लिए आगे बढ़ने का आदेश दिया है, क्षेत्र में काम करने का आदेश दिया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours