रांची के खेलगांव स्थित आर्मी कैंप में सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देकर आरोपी जवान फरार हो गया. आरोपी देशपाल अठावले महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहना वाला है. सदर थाने की पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है.
मृतका की पहचान मनीषा अठावले के रूप में हुई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी जवान ने पहले पत्नी को तार से गला दबाकर मारने का प्रयास किया. बाद में उसकी बेरहमी से चाकू से गला रेत दिया. हत्या के बाद आरोपी अपनी स्कूटी लेकर फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. रांची पुलिस ने महाराष्ट्र में अठावले परिवार से भी संपर्क साधा है.
रांची एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि जवान और उसकी पत्नी के बीच देर रात विवाद हुआ था, जिसके बाद जवान ने पत्नी की हत्या कर दी. एसएसपी के मुताबिक फरार होते वक्त जवान ने अपनी दस साल की बेटी को घटना के बारे में सुबह 10 के बाद ही किसी को बताने को कहा था.
घटना को देर रात अंजाम दिया गया, लेकिन इसकी भनक आर्मी कैंप वालों को सुबह 10 बजे लगी. इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई. इस बीच करीब 4 घंटे तक दो मासूम मां के शव के साथ घर में रहे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours