पर्यावरण की सुरक्षा के लिए बना धनबाद ग्रीन फंड 

 जल शक्ति अभियान में धनबाद की रैंकिंग बढ़ने पर उपायुक्त ने दी बधाई 

 जल संरक्षण के लिए करे वाटर ऑडिट 

शौकत खान धनबाद ब्यूरो
धनबाद । जल शक्ति अभियान के अंतर्गत बृहस्पतिवार, 8 अगस्त को जिले में वृहद पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। पौधारोपण दिन के 11:00 बजे से 1:00 बजे तक किया जाएगा। इसके नोडल पदाधिकारी जिला योजना पदाधिकारी होंगे। 15 सितंबर तक लक्ष्य को प्राप्त करने का सभी मिलकर प्रयास करेंगे तथा जल शक्ति अभियान के अंतर्गत की गई हर गतिविधियों की जानकारी जिला मुख्यालय को देंगे। धनबाद को हरा भरा रखने के लिए धनबाद ग्रीन फंड बनाया गया है। धनबाद ग्रीन फंड का बैंक अकाउंट खुल गया है। इसमें आम आदमी से लेकर विभिन्न स्टेकहोल्डर्स कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत अपना योगदान दे सकते हैं। हमें जल संरक्षण करने की चुनौती के साथ एक बेहतर मौका मिला है। सब मिलकर काम करेंगे तो हम अवश्य अभियान में सफल होंगे।
उक्त बातें उपायुक्त श्री अमित कुमार ने समाहरणालय के सभागार में जल शक्ति अभियान को लेकर आयोजित बैठक में कही।
उपायुक्त ने कहा कि जल शक्ति अभियान को लेकर जो भी गतिविधियां की जा रही है उसे नोटकैम ऐप के माध्यम से अपलोड करें। जो भी गतिविधियां होंगी वह डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान का हिस्सा होंगी। सभी स्टेकहोल्डर्स अपने संसाधनों के अनुसार इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सभी स्टेकहोल्डर्स को वाटर ऑडिट करना चाहिए। जिससे वह जान सकते हैं कि कितना पानी व्यर्थ जाता है। पानी की मांग को कम करने एवं उसकी बर्बादी को रोकने के लिए वाटर ऑडिट कारगर साबित होगा।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी 10 जिलों की सूची में धनबाद जिला की रैंकिंग बढ़ने के लिए उपायुक्त ने सभी को बधाई दी।
बैठक में जल शक्ति अभियान के नोडल पदाधिकारी श्री आनंद शेरखानी ने बीसीसीएल से कहा कि वे ओवर बर्डन पर नीम का पेड़ लगाएं। जो एक से डेढ़ माह में अपनी जड़े पकड़ लेगा। आने वाले दिनों में इससे पर्यावरण को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने पिट वाटर के सदुपयोग का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि प्रत्येक गांव में जागरूकता अभियान चलाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र प्रत्येक दिन कार्यक्रम आयोजित करें।
उन्होंने कहा कि 3 सितंबर 2019 को धनबाद सहित देश के 256 जिलों में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा मेला आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जिला खनन पदाधिकारी टीम तैयार करें।
श्री शेरखानी ने कहा कि जल शक्ति अभियान के तहत आज किया गया काम आने वाली पीढ़ी के लिए सुखदायक होगा। उन्होंने बृहस्पतिवार को 2 घंटे के लिए आयोजित वृहद पौधारोपण में अधिक से अधिक पौधे लगाने का भी आह्वान किया।
बैठक में उपायुक्त श्री अमित कुमार, जल शक्ति अभियान के नोडल पदाधिकारी श्री आनंद शेरखानी, श्री विनय विद्यापति, श्री कमलेश त्रिपाठी, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, अपर नगर आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी श्री चंद्रभूषण तिवारी, बीसीसीएल, एससीसी, एमपीएल, टिस्को जामाडोबा के प्रतिनिधि, गैर राजनीतिक संगठन ए.सी.टी. भूज (गुजरात) के योगेश जाडेजा, जियो साइंस की श्रीमती सेजिना सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours