जमशेदपुर का टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) आयुष्मान भारत योजना से जुड़ गया है. इसकी मांग काफी दिनों से उठी रही थी, जो मंगलवार को पूरी हो गई. सीएम रघुवर दास ने टीएमएच, गोलमुरी का उद्घाटन किया. 30 बेड वाला ये अस्पताल मेन हॉस्पिटल से दूर टिलप्लेट अस्पताल परिसर में बना है. यह आयुष्मान भारत योजना को समर्पित देश का पहला अस्पताल है.
देश के पहले आयुष्मान अस्पताल का शुभारंभ
सीएम रघुवर दास ने इसके लिए टाटा कंपनी को बधाई देते हुए कहा कि यह झारखंड ही नहीं, बल्कि आयुष्मान भारत योजना को समर्पित देश का पहला अस्पताल है.
सीएम ने कहा कि कोई भी डॉक्टर नहीं चाहता कि रोगी की मौत हो. इसलिए लोग लापरवाही की आशंका से दूर रहें. एक-आध घटना हो सकती है. वैसे लोगों पर सरकार कार्रवाई करेगी, लेकिन लोगों को समझना होगा कि डॉक्टर जान बचाने के लिए होते हैं.
सीएम ने ऐलान किया कि 16 अगस्त से सूबे में गोल्डेन कार्ड स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर मुफ्त में बनने लगेंगे. दो करोड 75 लाख लोग स्वास्थ्य बीमा योजना में कवर होंगे. 16 अगस्त से ही शहरी क्षेत्र में मोहल्ला क्लिनिक की भी शुरुआत होगी.
धोनी का जिक्र करते हुए रघुवर दास ने कहा कि धोनी और अनुसुइया टेटे ने झारखंड का नाम रौशन किया है. खेल के विकास के लिए हर पंचायत में 15 लाख की लागत से फुटबॉल मैदान बनाया जाएगा.
कश्मीर पर उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का मुकुट है. यह आज से हमारा हो गया है. कल से यह आतंकवाद मुक्त होने लगेगा.
आने वाले समय में बढ़ेंगी सुविधाएं- प्रबंधन
टीएमएच प्रबंधन ने दावा किया कि आने वाले दिनों में यहां मेडिसिन से लेकर अन्य सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. वैसे टीएमएच प्रबंधन ने इस बात का जवाब नहीं दिया कि गंभीर मरीजों को यहां से टीएमएच मेन हॉस्पिटल में रेफर किया जाएगा या नहीं. मेन हॉस्पिटल में विश्व स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है. नया अस्पताल मेन हॉस्पिटल के विंग के रूप में काम करेगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours